राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे और जनशक्ति जनता दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेज प्रताप यादव इन दिनों अपने पारिवारिक विवादों को लेकर सुर्खियों में हैं। हाल ही में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर उन्होंने अनुष्का यादव से किसी भी प्रकार के संबंध से इनकार किया। इसी बीच उनके और ऐश्वर्या राय के बीच तलाक मामले में एक बार फिर सुलह की कोशिश होने जा रही है।
24 फरवरी को फैमिली कोर्ट में सुनवाई
पटना फैमिली कोर्ट में 24 फरवरी को तलाक मामले की सुनवाई निर्धारित है। फैमिली कोर्ट के प्रिंसिपल जज सुनील दत्त पांडेय की अदालत में तीसरी बार मध्यस्थता (मेडिएशन) का प्रयास किया जाएगा। अदालत ने दोनों पक्षों को आपसी सहमति से समाधान की दिशा में सहयोग करने का निर्देश दिया है।
यह मामला पहले फैमिली कोर्ट में चला, फिर Patna High Court तक पहुंचा। हाईकोर्ट ऐश्वर्या की रिव्यू पिटीशन पहले ही खारिज कर चुका है और कहा है कि मामले में हस्तक्षेप नहीं करेगा। अदालत ने फैमिली कोर्ट को छह माह के भीतर निपटारा करने का निर्देश दिया था, हालांकि तय समयसीमा बीत चुकी है।
पहले भी हो चुकी हैं दो मध्यस्थता बैठकें
इस हाई-प्रोफाइल मामले में दो बार मध्यस्थता की कोशिश हो चुकी है।
- एक बैठक पटना चिड़ियाघर में कोर्ट के निर्देश पर हुई थी।
- दूसरी बैठक पटना के एक होटल में हुई, जिसमें लालू प्रसाद यादव भी मौजूद थे।
दोनों प्रयासों का कोई सकारात्मक परिणाम नहीं निकला। बताया जाता है कि तेज प्रताप तलाक चाहते हैं, जबकि ऐश्वर्या तलाक के पक्ष में नहीं हैं।
गंभीर आरोप और कानूनी पेच
ऐश्वर्या ने अपनी सास राबड़ी देवी पर घरेलू हिंसा का आरोप लगाया था। वहीं वरिष्ठ अधिवक्ताओं का कहना है कि यदि पर्याप्त साक्ष्य नहीं हुए तो अदालत तलाक याचिका खारिज भी कर सकती है।
कानूनी विशेषज्ञों के अनुसार, यदि वैवाहिक संबंधों के बाहर संबंधों के आरोप साबित होते हैं तो मामला हिंदू विवाह अधिनियम के तहत अलग कानूनी आयाम ले सकता है। फैमिली कोर्ट पहले ऐश्वर्या को अंतरिम गुजारा भत्ता देने का आदेश दे चुका है। आवास को लेकर भी विवाद रहा है।
अनुष्का यादव और वायरल पोस्ट से बढ़ी हलचल
मई 2025 में तेज प्रताप यादव के सोशल मीडिया अकाउंट से अनुष्का यादव के साथ तस्वीर वायरल हुई थी। पोस्ट में 12 वर्षों से रिश्ते में होने का दावा किया गया था, जिसके बाद सियासी हलचल तेज हो गई। बाद में लालू प्रसाद यादव ने तेज प्रताप को घर और पार्टी से छह वर्षों के लिए निष्कासित कर दिया।
हाल ही में अनुष्का यादव के माँ बनने की खबर भी सामने आई है। बताया गया कि उन्होंने बेटी को जन्म दिया है, जिसका नाम उज्जैनी रखा गया है। हालांकि तेज प्रताप यादव ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर साफ कहा है कि उनका अनुष्का से कोई संबंध नहीं है और बच्ची भी उनकी नहीं है।
अब सबकी नजरें 24 फरवरी की सुनवाई पर टिकी हैं—क्या इस बार मध्यस्थता सफल होगी या कानूनी लड़ाई आगे बढ़ेगी।















