बिहार चुनाव परिणाम के बाद जन सुराज पार्टी की ओर से पहली बड़ी प्रतिक्रिया सामने आई है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय सिंह ने शनिवार को पटना में प्रेस कॉन्फ़्रेंस कर कई अहम बातें कहीं। इस दौरान उनसे पूछा गया कि “प्रशांत किशोर ने कहा था कि अगर जेडीयू 25 से ज़्यादा सीटें जीती तो वह राजनीति छोड़ देंगे, अब क्या होगा?”
उदय सिंह ने दिया जवाब—‘पहले तारीख़ याद करिए, फिर पैसे की बरसात’
उदय सिंह ने इस सवाल पर जवाब देते हुए कहा:
“जब प्रशांत जी ने यह बात कही थी, उस तारीख़ को याद कीजिए और उसके बाद जिन पैसों की बरसात की मैं बात कर रहा हूं, उसके बाद पूरा चुनाव प्रभावित हुआ। ऐसे में जेडीयू की 25 सीटें बढ़ना कोई बड़ी बात नहीं है, लोग इसे आसानी से समझ सकते हैं।”
उन्होंने दावा किया कि राज्य सरकार ने 21 जून के बाद से लेकर चुनाव तक लगभग 40,000 करोड़ रुपये खर्च किए, जिससे मतदाताओं का रुझान प्रभावित हुआ और वोट शिफ्ट हुए।
243 में एक भी सीट नहीं मिलने पर क्या बोले उदय सिंह?
एक पत्रकार ने जब पूछा कि “जन सुराज पार्टी 243 सीटों में से एक भी सीट क्यों नहीं ला सकी?”
इस पर उदय सिंह ने बिना किसी झिझक के कहा:
“हमने पहले ही कहा था कि या तो हम 243 में से 200 सीटें लाएंगे या फिर शून्य पर रहेंगे। यह मैंने भी कहा था और प्रशांत जी ने भी कहा था। हमें पता था कि इस बात की पूरी संभावना है।”
जन सुराज की रणनीति और भविष्य पर संकेत
उदय सिंह के बयान से साफ है कि पार्टी इस परिणाम को अप्रत्याशित नहीं मानती। पार्टी नेतृत्व का मानना है कि सरकारी खर्च और चुनावी माहौल ने परिणामों को प्रभावित किया। हालांकि, वे भविष्य में अपनी रणनीति को और मजबूत करने के संकेत भी देते दिखे।


















