पश्चिम चंपारण जिले में कानून-व्यवस्था उस वक्त बड़ी चुनौती बन गई, जब जमीन विवाद की नापी कराने पहुंची प्रशासनिक टीम पर ग्रामीणों ने सुनियोजित ढंग से हमला बोल दिया। मामूली कहासुनी से शुरू हुआ विरोध देखते ही देखते हिंसक बगावत में बदल गया। लाठी-डंडों से हुए हमले में पुलिस और राजस्व विभाग के अधिकारी घायल हो गए, वहीं उपद्रवियों ने आगजनी कर पूरे गांव में दहशत फैला दी।
यह घटना लौरिया थाना क्षेत्र के दुबौलिया गांव की है। हमले में लौरिया थानाध्यक्ष रमेश कुमार शर्मा, अंचलाधिकारी नितेश कुमार सेठ समेत कुल पांच लोग घायल हो गए। बताया जा रहा है कि प्रशासनिक अधिकारियों को चारों तरफ से घेरकर लाठी, डंडे और अन्य हथियारों से हमला किया गया। हालात को और भयावह बनाते हुए हमलावरों ने गांव में स्थित एक झोपड़ी में आग लगा दी, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार यह मामला वाद संख्या 109/2025-26 से जुड़ा है, जिसमें दुबौलिया गांव निवासी मनोज जयसवाल और वंशराज राम के बीच करीब दो एकड़ जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चला आ रहा है। भूमि विवाद के निष्पादन के लिए भूमि सुधार उप समाहर्ता (एलआरडीसी) के आदेश पर प्रशासनिक टीम को नापी के लिए गांव भेजा गया था। लेकिन जैसे ही टीम मौके पर पहुंची, एक पक्ष के लोगों ने नापी का विरोध शुरू कर दिया, जो कुछ ही देर में हिंसा और आगजनी में तब्दील हो गया।
इस संबंध में लौरिया अंचलाधिकारी नितेश कुमार सेठ ने बताया कि ग्रामीणों ने प्रशासनिक टीम को घेरकर हमला किया और एक झोपड़ी को आग के हवाले कर दिया। हालात बेकाबू होते देख टीम को मापी का कार्य अधूरा छोड़कर जान बचाकर वापस लौटना पड़ा। सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है।
गौरतलब है कि इससे पहले 17 दिसंबर को भी इसी जमीन की मापी के दौरान प्रशासन को विरोध का सामना करना पड़ा था, हालांकि उस समय स्थिति इतनी गंभीर नहीं हुई थी। बार-बार सरकारी कार्य में बाधा और अब खुलेआम हिंसक हमला होने के बाद प्रशासन सख्त रुख अपनाने के मूड में है।
घटना के बाद गांव में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है और हालात पर कड़ी नजर रखी जा रही है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि हमले में शामिल सभी आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों का कहना है कि कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।















