बेगूसराय। जिले में अपराधियों का मनोबल लगातार बढ़ता जा रहा है। आए दिन गोलीबारी की घटनाएं सामने आ रही हैं। मंगलवार को मुफस्सिल थाना क्षेत्र के अख्तियारपुर रजौड़ा गांव में दिनदहाड़े एक युवक को सीने में गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया।
गोली से घायल युवक की पहचान सांख गांव निवासी यदु शर्मा के 35 वर्षीय पुत्र विनय शर्मा के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि विनय शर्मा का अख्तियारपुर रजौड़ा गांव में रिश्तेदारी है।
घटना के संबंध में ग्रामीणों ने बताया कि विनय शर्मा को उसके एक दोस्त ने फोन कर गांव बुलाया था। इसके बाद सभी एक जगह बैठकर नशा कर रहे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर आपसी कहासुनी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते विवाद में बदल गई। विवाद के दौरान एक अपराधी ने विनय शर्मा के सीने में गोली मार दी और मौके से सभी फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही मुफस्सिल थाना पुलिस दलबल के साथ घटनास्थल पर पहुंची और मामले की गहन जांच में जुट गई है। वहीं, गोली से घायल विनय शर्मा को इलाज के लिए एक निजी क्लीनिक में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।
पुलिस का कहना है कि घटना में शामिल आरोपियों की पहचान की जा रही है और जल्द ही गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जाएगी।
अजय शास्त्री की रिपोर्ट
















