भागलपुर।
भागलपुर जिले के अजगैवीनाथ धाम थाना क्षेत्र अंतर्गत अजगैवीनाथ धाम–भागलपुर मुख्य मार्ग पर एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। महेशी गांव के समीप एक ई-रिक्शा पर सवार युवती के साथ बाइक सवार युवकों द्वारा छेड़खानी और मारपीट किए जाने का आरोप लगा है। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, एक युवती ई-रिक्शा से अजगैवीनाथ धाम से भागलपुर की ओर जा रही थी। इसी दौरान तीन बाइकों पर सवार करीब छह युवक उसका पीछा करने लगे। रास्ते में युवकों ने ई-रिक्शा को घेर लिया और युवती के साथ छेड़खानी शुरू कर दी। बताया जा रहा है कि युवती अकेली थी, जिस कारण वह खुलकर विरोध नहीं कर सकी।
आरोप है कि गंगा पुल के महेशी फ्लाईओवर के पास सुनसान स्थान देखकर बाइक सवार युवकों ने ई-रिक्शा को रोक लिया और युवती को जबरन नीचे उतार लिया। हालात बिगड़ते देख ई-रिक्शा चालक मौके से फरार हो गया। जब युवती ने बाइक पर बैठने से इनकार किया, तो युवकों ने उसके साथ छेड़छाड़ शुरू कर दी। विरोध करने पर आरोपियों ने युवती के साथ मारपीट भी की।
इसी दौरान वहां से गुजर रहे कुछ लोगों ने घटना देख शोर मचाया, जिसके बाद स्थानीय लोग मौके पर जुटने लगे। लोगों को आता देख सभी आरोपी युवक मौके से फरार हो गए। इसके बाद स्थानीय लोगों ने तत्काल इस घटना की सूचना थाना पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही 112 पुलिस टीम मौके पर पहुंची और युवती को अपने संरक्षण में लेकर अजगैवीनाथ धाम थाना पहुंचाया। थाना में पूछताछ के दौरान युवती ने बताया कि वह तारापुर थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली है। पुलिस ने मामले की जानकारी उसके परिजनों को दी। सूचना मिलने पर युवती की मां थाना पहुंची और कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद अपनी पुत्री को साथ लेकर गांव लौट गई।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, प्रारंभिक जांच में यह मामला प्रेम-प्रसंग से जुड़ा हुआ भी हो सकता है, हालांकि सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है। फिलहाल पुलिस घटना में शामिल युवकों की पहचान और पूरे मामले की छानबीन में जुटी हुई है।
















