नई दिल्ली। केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण आज लोकसभा में अपना नौवां बजट पेश कर रही हैं। बजट भाषण में उन्होंने घरेलू निर्माण, हेल्थकेयर, ऊर्जा सुरक्षा, रोजगार और गरीबी उन्मूलन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर जोर दिया।
बजट में बिहार को भी विशेष प्राथमिकता दी गई है। वित्त मंत्री ने घोषणा की कि पटना और बनारस में जहाज मरम्मत सुविधाएं स्थापित की जाएंगी। इसके तहत वाटरवेज का इस्तेमाल करने के लिए प्रशिक्षण (Training) भी प्रदान किया जाएगा। वाराणसी और पटना को विकसित करके इंटरनल वाटरवेज नेटवर्क को मजबूत किया जाएगा, जिससे व्यापार और लॉजिस्टिक्स में सुधार आएगा।

हेल्थकेयर सेक्टर में बड़े ऐलान
फाइनेंस मंत्री ने हेल्थकेयर सेक्टर को लेकर कहा कि शुगर और कैंसर जैसी बीमारियों की दवाएं अब सस्ती होंगी। इसके साथ ही फार्मा सेक्टर में 10 हजार करोड़ रुपये का निवेश किया जाएगा। बजट में बायोफार्मा सेक्टर को भी सशक्त बनाने की घोषणा की गई है, जिससे नई दवाओं के निर्माण और स्वास्थ्य सुविधाओं में सुधार होगा।
वित्त मंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य आत्मनिर्भर भारत की दिशा में स्वास्थ्य, रोजगार और बुनियादी ढांचे को मजबूत करना है। पटना और वाराणसी में वाटरवेज के विकास से राज्य की अर्थव्यवस्था को भी नई गति मिलेगी।
बजट 2026 को रोजगार, स्वास्थ्य और क्षेत्रीय विकास को गति देने वाला महत्त्वपूर्ण बजट बताया जा रहा है।


















