नई दिल्ली। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने आखिरकार साल 2026 की बोर्ड परीक्षाओं की प्रतीक्षित डेट शीट जारी कर दी है। कक्षा 10वीं और 12वीं की अंतिम परीक्षाएं 17 फरवरी 2026 से शुरू होंगी। बोर्ड ने इस बार भी परीक्षा कार्यक्रम पहले से जारी कर दिया है ताकि छात्रों को तैयारी के लिए पर्याप्त समय मिल सके।
CBSE की ओर से जारी शेड्यूल के अनुसार, कक्षा 10वीं की परीक्षाएं 17 फरवरी से 18 मार्च 2026 तक चलेंगी, वहीं कक्षा 12वीं की परीक्षाएं 17 फरवरी से 20 मार्च 2026 तक आयोजित की जाएंगी। सभी परीक्षाएं सुबह 10:30 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक एक ही पाली में होंगी।
बोर्ड ने यह भी स्पष्ट किया है कि इस बार परीक्षा पैटर्न में पिछले वर्ष की तुलना में कुछ हल्के बदलाव किए गए हैं। मूल्यांकन में विषय आधारित प्रश्नों के साथ-साथ कौशल आधारित प्रश्नों को भी अधिक वज़न दिया गया है।
सीबीएसई ने छात्रों और अभिभावकों को सलाह दी है कि वे आधिकारिक वेबसाइट cbse.gov.in से ही डेट शीट डाउनलोड करें और किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें।
शिक्षा मंत्रालय के सूत्रों के अनुसार, बोर्ड इस बार भी मूल्यांकन प्रक्रिया को पारदर्शी और समयबद्ध रखने पर जोर दे रहा है, ताकि मई 2026 के अंत तक परिणाम घोषित किए जा सकें।


















