जमुई: जिले के चकाई थाना क्षेत्र में नक्सलियों की कई घटनाओं के मास्टरमाइंड रहे हार्डकोर नक्सली देवीलाल टुडू को दो साल बाद पुलिस ने आखिरकार गिरफ्तार कर लिया। वह वर्ष 2022 में चकाई इलाके में नक्सली घटना को अंजाम देने के बाद से फरार चल रहा था।
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि टुडू बांका जिले के जयपुर थाना क्षेत्र में छिपकर रह रहा है। सूचना के आधार पर बांका पुलिस ने विशेष छापेमारी की और उसे गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद शनिवार को देवीलाल टुडू को सुरक्षा के बीच जमुई जिला पुलिस को सौंप दिया गया।
पुलिस के अनुसार, देवीलाल टुडू कई नक्सली ऑपरेशंस में शामिल रहा है और संगठन के लिए महत्वपूर्ण भूमिका निभाता था। उसकी गिरफ्तारी को नक्सलियों के नेटवर्क के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है। पुलिस अब उससे पूछताछ कर रही है ताकि अन्य नक्सली गतिविधियों और सहयोगियों के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी जुटाई जा सके।
जमुई एसपी ने बताया कि फरार नक्सलियों की तलाश लगातार जारी है और जल्द ही बाकी सदस्यों को भी गिरफ्तार किया जाएगा। इलाके में पुलिस की सक्रियता बढ़ा दी गई है ताकि किसी भी तरह की नक्सली गतिविधि को रोका जा सके।
अजय शास्त्री की रिपोर्ट

















