सहरसा।
जिले के बसनही थाना में पदस्थापित एक एसआई पर गंभीर आरोप लगे हैं। महुआ बाजार निवासी सुबोध भगत के पुत्र विशाल कुमार ने आरोप लगाया है कि एसआई बबलू यादव ने थाने के रिकॉर्ड रूम से जब्त मोबाइल चोरी करवाया, फिर उसी मामले में उसे हिरासत में लेकर बेरहमी से पिटाई की। साथ ही अवैध नशे के कारोबार से जुड़े होने का भी आरोप लगाया गया है।
मामला सामने आने के बाद क्षेत्र में चर्चा और आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोगों ने वरीय पुलिस अधिकारियों से निष्पक्ष व उच्चस्तरीय जांच की मांग की है।
क्या है आरोप?
विशाल कुमार का दावा है कि एसआई के कहने पर उसने थाने के एक कमरे से जब्त मोबाइल चोरी की। मोबाइल बेचने पर उसे पांच हजार रुपये मिले, जिसमें से तीन हजार रुपये एसआई को देने का आरोप लगाया गया है।
युवक का कहना है कि बाद में उसी चोरी के आरोप में उसे और दो अन्य युवकों को हिरासत में लिया गया। आरोप है कि थाने में उसकी बेरहमी से पिटाई की गई, जबकि अन्य दो युवकों से मोटी रकम लेकर उन्हें छोड़ दिया गया। बाद में उसे भी रिहा कर दिया गया।
अस्पताल में भर्ती, गंभीर चोट का दावा
विशाल के अनुसार पिटाई में उसके हाथ में गंभीर चोट आई। परिजनों ने उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर स्थिति को देखते हुए सहरसा सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया।
नशे के कारोबार से जोड़ने का आरोप
युवक ने यह भी आरोप लगाया है कि एसआई अक्सर उससे अवैध नशे के कारोबारियों की जानकारी मांगता था। उसका दावा है कि पुलिस द्वारा जब्त नशीली सामग्री उसे बेचने के लिए दी जाती थी और बिक्री से प्राप्त राशि का आधा हिस्सा एसआई को देना पड़ता था।
पुलिस का पक्ष
इस संबंध में एसआई बबलू यादव से संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन उनसे बात नहीं हो सकी। वहीं सिमरी बख्तियारपुर एसडीपीओ मुकेश ठाकुर ने कहा है कि मामले की जांच कराई जाएगी और तथ्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद स्थानीय लोगों में रोष है और निष्पक्ष जांच की मांग तेज हो गई है।
















